मथुरा। जमुनापार थाना क्षेत्र में रविवार को अचानक एक जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई। एक महिला समेत दो किशोरियां मलबे में दब गईं। लोगों ने पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य में जुट गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के मुताबिक, नगला चीता में रविवार दोपहर कुछ युवक कांवड़ लेने जा रहे थे। उनके निकलने के थोड़ी देर बाद गांव के दिलीप राव की आठ फीट लंबी पक्की दीवार अचानक धराशायी हो गई। दीवार के पास खड़ीं दो किशोरी खुशी, राशी और महिला राधा मलबे में दब गईं। ग्रामीण खुद ही मलबा हटाने में जुट गए। पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला।
सीओ सदर संदीप सिंह ने बताया है कि घटना दोपहर तीन बजे की है। तीनों की बाल-बाल जान बची है। फिलहाल कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। अगर किसी ने प्रार्थना पत्र दिया तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।