गोवर्धन। गणेश पहलवान की हत्या का प्रयास वाले आरोपियों को थाना पुलिस और स्वाट टीम ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, तीन कारतूस, दो खोखा और घटना में प्रयुक्त बाइक को बरामद किया है। पुलिस ने बताया है कि आरोपियों ने दो लाख रुपये में हत्या की सुपारी ली थी, लेकिन आरोपी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो पाई।
सीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि थाना गोवर्धन क्षेत्र में वांछित आरोपी अगरियाला थाना शेरगढ़ निवासी समसुद्दीन उर्फ भोला और नीरज को जतीपुरा से कच्चे ई-रिक्शा मार्ग की ओर से गोवर्धन की ओर जाते समय चेकिंग में पकड़ा गया है। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों को दबोच लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गणेश पहलवान और उसके पड़ोसी दुकानदार अन्नू तिवारी में रंजिश चल रही थी। इसी के चलते नारायण उर्फ आरव निवासी आदमपुर के माध्यम से गणेश पहलवान की हत्या की सुपारी दो लाख रुपये में तय हुई थी।
आरोपियों को घटना से पहले 5-5 हजार रुपये एडवांस में दिए गए थे। शेष रकम काम पूरा होने के बाद देने की बात हुई थी। आरोपियों ने बताया कि 4 जनवरी की देर रात वे देवो उर्फ देवेंद्र की कार से सौंख अड्डा, गोवर्धन पहुंचे थे। वहां अन्नू तिवारी ने उन्हें एक बाइक दी। दानघाटी के पास गणेश पहलवान की पहचान कर उसका घर तक का रास्ता दिखाया। इसके बाद मानसी गंगा रोड से घर की गली में जाते समय आरोपियों ने गणेश पहलवान पर फायरिंग कर दी। शोर होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार पहली वारदात में सफल न होने के बाद सुपारी देने वाले बदमाशों पर दबाव बना रहे थे। इसी दबाव में 13 जनवरी की रात वे दोबारा गणेश पहलवान की हत्या के लिए इलाके में पहुंचे थे। जहां मुखबिर की सूचना पर पुलिस और स्वाट टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। कार्रवाई में थाना गोवर्धन के प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर, थाना पुलिस और स्वाट टीम शामिल रही।