पुलिस गिरफ्त में थाने में बैठे मादक पदार्थ तस्कर।
छह करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
मथुरा। हाईवे थाने की पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) आगरा की टीम ने 1.172 किग्रा हेरोइन के साथ अलीगढ़ के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब छह करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात संयुक्त टीम ने पाली खेड़ा चौराहा से आगे सलेमपुर पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी की। एक बंद पड़े मकान के सामने से स्कूटी सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 1.172 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों ने अपने नाम अलीगढ़ के थाना ऊपरकोट के ऊपरकोट टीला निवासी इमरान और छोटी मस्जिद के निकट टंकी वाली गली निवासी शहबाज बताए। पुलिस ने उनके पास से स्कूटी भी बरामद की है। पुलिस उपाधीक्षक प्रवीण तिवारी ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।