राया(मथुरा)। थाना राया के गांव ढकू निवासी दो युवकों की रोहतक में सड़क हादसे में मौत हो गयी। दोनों युवक हरियाणा की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के ट्रक पर ड्राइवर थे और रोहतक ट्रक लेकर गए थे। रोहतक में दोनों सड़क हादसे का शिकार हो गए।
गांव ढकू के मौजा कपूर निवासी 27 वर्षीय रोहताश पुत्र मंगल सिंह व 28 वर्षीय भूपेंद्र पुत्र लोकमन ट्रक चालक थे। दोनों पांच दिन पूर्व राया से ट्रक लेकर गए थे। रोहतक में सोमवार तड़के वह ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर शौच को गए थे, तभी वहां असंतुलित हुआ बदरफुट से भरा दूसरा ट्रक उनके ऊपर पलट गया।
रोहताश व भूपेंद्र बदरफुट लदे ट्रक के नीचे दब गए। वहां पर दोनों को मौत हो गई। दोनों के शव जेसीबी की मदद से 12 घंटे बाद पुलिस ने निकाले और उनका पोस्टमार्टम कराया। मंगलवार को दोनों के क्षत विक्षत शव गांव पहुंचे तो कोहराम मच गया। हर कोई रोहताश व भूपेंद्र के घर की ओर दौड़ पड़ा। शाम को दोनों का गांव में अंतिम संस्कार किया गया। रोहताश का एक बेटा और भूपेंद्र की एक बेटी है।