मथुरा के जाजमपट्टी चौराहे पर ट्रोला ने दो मजदूरों को रौंद दिया। एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मथुरा के थाना मगोर्रा क्षेत्र के अंतर्गत जाजमपट्टी चौराहे पर रविवार की देर शाम ट्रोला ने दो मजदूरों को रौंद दिया। इसमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया।
विज्ञापन
ग्राम प्रधान पवन कुमार ने बताया कि गांव जफरा निवासी गुलाब सिंह अपने साथी नारायण के साथ मजदूरी करने के लिए रविवार की सुबह घर से निकले थे। देर शाम वह मजदूरी कर बस से जाजमपट्टी चौराहे पर उतरे। तभी तेज रफ्तार से दौड़ते एक ट्रोला ने दोनों को टक्कर मार दी। दुर्घटना स्थल पर ही गुलाब सिंह की मौत हो गई। जबकि नारायण सिंह घायल हो गए।
घायल को स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने अस्पताल भर्ती कराया। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद गांव प्रधान व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया पुलिस ने ट्रोला को कब्जे में ले लिया।