अछनेरा से कासगंज जा रही पैसेंजर ट्रेन धाना शमशाबाद के निकट किलोमीटर संख्या 365 पर पटरी पर खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे के दौरान तेज आवाज से यात्री सहम गए। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। बताया गया कि यहां मानव रहित फाटक है इससे होकर गुजरते समय ट्रैक्टर पटरी पर आकर बंद हो गया था।
इसी दौरान ट्रेन आती देख चालक ट्रैक्टर को छोड़कर मौके से भाग गया। हादसे के बाद ट्रेन को रोक दिया गया। करीब दस मिनट बाद इसे रवाना किया गया। मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शनिवार सुबह करीब 11:20 बजे ट्रेन नंबर 55338 अछनेरा-कासगंज एक्सप्रेस अछनेरा से मथुरा की ओर आ रही थी। धाना शमशाबाद के निकट बेरी गांव की ओर से रिफाइनरी के गेट नंबर नौ की ओर जा रहा ट्रैक्टर मानवरहित फाटक से गुजर रहा था तभी पटरी पर पहुंचते ही वह अचानक बंद हो गया।
काफी प्रयास के बाद ट्रैक्टर स्टार्ट नहीं हुआ, इसी दौरान ट्रेन आती देख चालक घबराकर ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। ट्रेन के इंजन का कैटल गार्ड ट्रैक्टर से जा टकराया। इसके बाद ट्रेन को रोक दिया गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन ट्रेन में सवार यात्री काफी सहम गए। सूचना पर आरपीएफ भी मौके पर पहुंची। ट्रैक्टर को आरपीएफ ने अपने कब्जे में ले लिया गया है।
अछनेरा-मथुरा के बीच नौ मानव रहित फाटक
अछनेरा से मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन के मध्य कुल 14 रेल फाटक हैं, इनमें से नौ मानव रहित हैं। हालांकि रेलवे की ओर से कई फाटकों पर अंडर पाथ बनाए जा रहे हैं, ताकि हादसों पर लगाम लगाई जा सके।
अछनेरा-मथुरा के बीच धाना शमशाबाद के समीप किलोमीटर संख्या 365 पर हादसा हुआ है। ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
- सतेंद्र यादव, आरपीएफ निरीक्षक