यमुना पर बने पॉंटून पुल पर लगा जाम।
वृंदावन। पुलिस प्रशासन की यातायात व्यवस्था बृहस्पतिवार को ध्वस्त हो गई। बाहरी वाहनों के प्रवेश के बावजूद नगर में प्रवेश मार्गों से बड़ी संख्या में वाहनों को प्रवेश कराया गया। इससे नगर के प्रमुख मार्ग एवं तिराहे-चौराहों पर दिनभर जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतार में श्रद्धालुओं घंटों फंसे रहे। नगर से मांट क्षेत्र को जोड़ने वाले पॉटून पुल पर दिनभर जाम लगा रहा। बेलवन के मेला के लिए जाने वाले भक्तों की लंबी कतार के बीच वाहन भी पुल से धीमी गति से निकल रहे थे, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गये। नगर के तिराहे-चौराहों पर पुलिसकर्मी नदारद रहे।
क्रिसमस के सार्वजनिक अवकाश पर देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों के दर्शन करने के लिए आए। सुबह से ही नगर में सौ शैय्या तिराहा से लेकर चुंगी चौराहा तक लंबा जाम लगा रहा। चुंगी चौराहा, आंबेडकर पार्क तिराहा, अटल्ला चुंगी चौराहा, अनाज मंडी, वनखंडी तिराहा, पुराना बजाजा, विद्यापीठ चौराहा, हरि निकुंज चौराहा, परिक्रमा मार्ग में जाम के कारण श्रद्धालुओं के वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम का बड़ा कारण प्रतिबंध के बावजूद बाहरी वाहनों को नगर में प्रवेश रहा। दिल्ली, गाजियाबाद, अलीगढ़, हरियाणा, पंजाब एवं राजस्थान के वाहन नगर की संकरी गलियों से होकर बांकेबिहारी मंदिर के समीप किशोरपुरा एवं परिकमा मार्ग वीआईपी पार्किंग तक पहुंचे। वाहनों की लंबी कतार से बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर राहगीरों का पैदल चलना भी दुश्वार हो गया। घंटों लगे जाम को खुलवाने के लिए तिराहे-चौराहों पर पुलिसकर्मी नदारद रहे। जाम से फंसे श्रद्धालु वाहनों से उतर कर खुद ही जाम खुलवाने में लगे रहे। कोतवाली पुलिस ने बताया कि नगर में जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात प्लान बनाया गया है। बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक है। यदि कोई वाहनों को प्रवेश दे रहा है तो उसमें सुधार लाया जाएगा।