मथुरा। नगर निगम के अधिकारियों ने कर वसूली के लिए चिन्हित कर टॉप-10 की लिस्ट बनाई है। विभाग ने इन्हें अंतिम नोटिस जारी कर निर्धारित समय से कर जमा करने की हिदायत दी है। समय से कर जमा नहीं करने पर टॉप-10 बकायादारों की संपत्ति कुर्क की जाएगी। वहीं शहर में लगाए गए शिविर में 70 लोगों ने करीब ढाई लाख रुपये गृहकर जमा किया।
नगर आयुक्त शशांक चौधरी ने गृह, सीवर एवं जलकर की वसूली का लक्ष्य इस वित्तीय वर्ष में 80 करोड़ निर्धारित किया है। दो दिन पूर्व समीक्षा बैठक में कम वसूली पर दो कर संग्रहकर्ताओं के निलंबन की संस्तुति की गई है।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी नरेंद्र सिंह यादव ने बताया, एक लाख से अधिक के 10 बड़े बकायादारों को अंतिम नोटिस जारी किए गए हैं। चेतावनी दी गई है कि अगर जल्द बकाया जमा नहीं किया तो संपत्ति कुर्क की जाएगी। इसके अलावा शहर के मुहल्ला चौक बाजार स्थित राघव मार्केट में शनिवार को शिविर लगाया गया। यहां पर 70 बकायादारों ने करीब ढाई लाख रुपये जमा किए हैं। उन्होंने भवन स्वामियों से अपील की है कि वे गृहकर जमा कर 10 प्रतिशत छूट का लाभ उठाएं।