मथुरा। जमुनापार थाना क्षेत्र में अनुसूचित जाति के युवक की शादी में डीजे बजाने से मना करने और घुड़चढ़ी से रोकने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
सीओ सदर संदीप सिंह ने बताया कि दलित दूल्हे को घोड़ी से उतारकर मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है। रविवार की रात पुलिस ने गांव डहेरुआ के निवासी लोकेश, यशपाल और आनंद को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया है कि विधिक कार्रवाई करके तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, गांव डहेरुआ निवासी सुनहरी लाल के पुत्र राम और सौरभ की शनिवार शाम को बरात जाने से पहले गांव में घुड़चढ़ी के दौरान डीजे बज रहा था। घुड़चढ़ी जब समाप्त होने को थी, तभी सवर्ण समाज के कुछ युवक वहां आ गए और डीजे बजाने पर विरोध करने लगे। डीजे बजाना बंद नहीं किया तो युवकों ने दूल्हा पक्ष के लोगों के साथ मारपीट कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर हंगामा करने वाले युवक वहां निकले। इसके बाद पुलिस ने वहां से बरात को गंतव्य के लिए रवाना किया था।