मथुरा। जमुनापार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नशे का कारोबार करनी वाली एक महिला सहित दो युवकों को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इनके पास से 500 ग्राम नशीला पाउडर, 2 मोबाइल, 935 रुपये, एक मोटर साइकिल बरामद की गई है।
प्रभारी निरीक्षक शशिप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में चौकी प्रभारी लक्ष्मीनगर शैलेंद्र कुमार ने राया रोड स्थित सैय्यद की मजार के पास से मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे कान्हा निवासी जमुना विहार कॉलोनी जमुनापार, दिलीप निवासी गोरई, इगलास(अलीगढ़) हाल पता भगवतकुंज कॉलोनी सैय्यद के पास और मथुरा की ही एक महिला तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।
एसएसपी ने बताया कि जनपद में मादक पदार्थ की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए सीओ, एसएचओ और चौकी प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं। महिला दरोगाओं को सादा वर्दी में क्षेत्र में घूमकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। यदि कहीं भी मादक पदार्थ के तस्करों को संरक्षण देने में पुलिस की भूमिका संदिग्ध पाई जाएगी तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
देहात और शहर में हो रही गांजा, अफीम, चरस की बिक्री
मथुरा। महानगर के जमुनापार क्षेत्र में नशे का कारोबार कोई नया नहीं है। यहां तो हर गली मोहल्ले में चाय पान की दुकानों पर नशीले पदार्थ की तस्करी बेखौफ चलती है। जमुनापार पुलिस की इस कार्रवाई से नशा कारोबारियों की कमर टूटना बताया जा रहा है। यमुना पुल से लेकर राया रोड, प्रताप नगर, बलदेव रोड की 1 दर्जन से अधिक कॉलोनियों में गांजा अफीम, चरस आदि मादक पदार्थ की तस्करी खुलेआम होती है। इतना ही नहीं क्षेत्र में चलने वाले छोटे बड़े ढाबों पर गांजे की पुड़िया बिकती नजर आ जाएगी। इसके अलावा शहर में अंतापाड़ा, सदर बाजार, डीगगेट, मटिया गेट, बंगाली घाट, महोली रोड, हाईवे से सटी कॉलोनियों के अलावा वृंदावन आदि क्षेत्र को अवैध मादक पदार्थों की बिक्री का गढ़ माना जाता है।