मथुरा। घर पर बुलाकर खाने और पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर गैंग की महिला के संग अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करके धन की उगाही करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक सेवानिवृत्त फौजी से १० लाख रुपये मांगे थे।
एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि राजपाल सिंह निवासी आनंदवन सेना से रिटायर्ड हैं एवं भरतपुर रोड पर चंदनवन एस्टेट कॉलोनी में प्लाट बेचने का काम करते हैं। प्लाट खरीदने के लिए २३ मई को मांगेलाल निवासी दामोदरपुरा अपने साथ ममता चौधरी व रोहताश चौधरी के साथ फौजी के ऑफिस आए। प्लाट पसंद के एडवांस की धनराशि अपने घर पर देने के लिए चलने को कहा।
रिटायर्ड फौजी मकान पर पहुंच गए तो एटीएम से रुपये निकालने की कहकर मांगेलाल व ममता का पति रोहताश घर से बाहर चले गए। ममता चौधरी ने चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया।
फिर महिला के साथ अश्लील वीडियो बना लिया। ब्लैकमेल करके 10 लाख रुपये की मांग करने लगे। पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कराया तो हाईवे प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार आरोपियों की तलाश में जुटे। पुलिस ने गैंग के सरगना मांगे सिंह निवासी बलदेवपुरी कॉलोनी को गिरफ्तार करके जेल भेजा है।