नौहझील (मथुरा)। युवक की हादसे में मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर जाम लगाने की कोशिश की गई, लेकिन मौके पर पुलिस फोर्स देख ग्रामीण भाग गए। समझौते के बाद युवक का अंतिम संस्कार किया गया।
सीओ आशीष शर्मा ने बताया कि गांव कोलाहर निवासी मुकेश उर्फ मुनेश पर एक आयशर केंटर गाड़ी है जो कि भाड़े पर चलता है। इस गाड़ी पर गांव का ही अमित चालक व शिवकुमार परिचालक है। दोनों 7 अगस्त को गाड़ी पर गए। केएमपी रोड दोहाई कट पर हादसे में परिचालक शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल शिवकुमार को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मुआवजे की मांग पर परिजन व ग्रामीणों ने रविवार शाम लगभग 7 बजे शव को कोलाहर चौकी के सामने नौहझील-गौमत रोड पर रख दिया। थोड़ी ही देर मे पूरे थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस के तेवर देख शव लेकर ग्रामीण मौके से भाग खड़े हुए।
सीओ आशीष शर्मा ने बताया कि मृतक के परिजन व ग्रामीणों द्वारा कोलाहर पुलिस चौकी के सामने शव रखकर सड़क पर जाम लगाने का प्रयास किया गया। जिन्हें थाना प्रभारी सोनू सिंह द्वारा समझा-बुझाकर हटा दिया गया है।