कोसीकलां (मथुरा)। नंदगांव रोड स्थित अग्रवाल कॉलोनी में पति-पत्नी में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी ने सोते समय पति की धारदार हथियार से गर्दन की नसें काट दीं। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पत्नी फरार हो गई। पति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार नंदगांव रोड स्थित अग्रवाल कॉलोनी निवासी अजय का पत्नी से किसी बात को लेकर बुधवार देर रात विवाद हो गया। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया। आरोप है कि जब पति गहरी नींद में सो गया तो रात में पत्नी ने धारदार हथियार से उसकी गर्दन की नसें काट दीं और मौके से फरार हो गई।
चीख-पुकार सुनकर नींद से जागे परिजनों ने जब युवक के गले से खून बहता देखा तो उन्होंने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के सहयोग से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार ने बताया कि मामले में किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।