शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करते किसान नेता रामबाबू सिंह कटैलिया व अन्य
नौहझील। क्षेत्र के बाजना इंटर कॉलेज के खेल मैदान में मंगलवार को भारतीय किसान कल्याण समिति द्वारा 17वें किसान शहीद दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों किसानों ने किसान आंदोलन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को याद किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष, किसान नेता रामबाबू सिंह कटैलिया ने किया। उपस्थित जनसमूह ने अवाखेड़ा निवासी सतीश उर्फ गणेश, पारसौली निवासी हरपाल और बाजना निवासी संदीप चौधरी की शहादत को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। किसान नेता रामबाबू सिंह कटैलिया ने कहा कि यह शहीद दिवस उन वीरों की याद दिलाता है, जिन्होंने किसानों के हक के लिए अपनी जान दांव पर लगा दी। उन्होंने बताया वर्ष 2009 में यमुना एक्सप्रेसवे मुआवजे की मांग पर हुए आंदोलन में सतीश उर्फ गणेश शहीद हुए थे। वर्ष 2015 में यमुना एक्सप्रेसवे पर कट की मांग पर प्रदर्शन में हरपाल और संदीप चौधरी ने अपनी शहादत दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजवीर सिंह ने की तथा संचालन जयपाल सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर जयवीर सिंह, नेपाल सिंह, हरेश ठेनुआं, देवेन्द्र पहलवान, महावीर स्वामी, ठाकुर शैलेन्द्र सिंह ,हरवीर ठेकेदार, सतवीर सिंह सहित क्षेत्र के सैकड़ों किसान और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। संवाद