मथुरा। बुलंदशहर में दिनदहाड़े फायरिंग करने के आरोपी ने बुधवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर दिया। कोर्ट में सरेंडर करने वाला आरोपी नौहझील थाना क्षेत्र में 5 अप्रैल को हुई होंडा सिटी कार और 70 हजार रुपये की लूट का मास्टर माइंड बताया जा रहा है। पुलिस के अधिकारी इस मामले पर जांच की बात कहकर चुप्पी साधे हैं, लेकिन बी वारंट के आधार पर कोर्ट से पुलिस बदमाश को अभिरक्षा में लेने की तैयारी भी कर रहे हैं।
5 अप्रैल को गोरखपुर मंडल के कुशीनगर जिले के कसया निवासी आदित्य सोनी, मनोज श्रीवास्तव, बबलू वर्मा व सन्नी जायसवाल होंडा सिटी कार से वैष्णो देवी दर्शन को जा रहे थे। नौहझील थाना क्षेत्र स्थित यमुना एक्सप्रेस-वे पर वेन्यू कार सवार दो बदमाश उनसे होंडा सिटी कार, 70 हजार रुपये और मोबाइल लूट ले गए। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने वारदात के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे और सर्विलांस की उनकी लोकेशन अलीगढ़ में ट्रेस की। पुलिस की दो टीमें अलीगढ़ में बदमाशों को खोजती रहीं। इधर, बुधवार को एक आरोपी ने बुलंदशहर कोर्ट में फायरिंग के मामले में सरेंडर कर दिया। आत्मसमर्पण की बात पूरे पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बनी है, लेकिन कोई भी अधिकारी स्पष्ट रूप से कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।
सीओ मांट गुंजन सिंह ने बताया कि बदमाशों की तलाश जारी है। उनके संज्ञान में भी आया है कि जिस युवक ने आत्मसमर्पण किया है वह लूट में शामिल था। आरोपी दरोगा का पुत्र है या नहीं इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
यूपी पुलिस के दरोगा का पुत्र बताया जा रहा है बदमाश
बुलंदशहर कोर्ट में सरेंडर करने वाले आरोपी यूपी पुलिस में तैनात एक दरोगा का पुत्र बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दो अप्रैल को मामूली बात पर दुकानदार पर फायरिंग की। पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। 5 अप्रैल की सुबह नौहझील में लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस का दबाव बढ़ा तो नौ अप्रैल को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।
वर्जन
बुलंदशहर कोर्ट में आत्मसमर्पण करने वाला युवक नौहझील लूट में शामिल होने की जानकारी मिली है। पुलिस की टीम जांच कर रही है। पुलिस कोर्ट से बी वारंट के माध्यम से युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ करेगी। इसके बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी कि युवक लूट का आरोपी है या नहीं।
-त्रिगुण विषेन, एसपी देहात