मथुरा। सर्दी बढ़ने के साथ ही उच्च रक्तचाप (हाई ब्लड प्रेशर) से पीड़ित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों प्रतिदिन 100 के करीब ऐसे मरीज पहुंच रहे हैं जिन्हें रक्तचाप बढ़ने, सीने में दर्द, चक्कर और घबराहट की शिकायत है।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. रवि माहेश्वरी ने बताया कि ठंड के मौसम में शरीर की रक्त वाहिकाएं सिकुड़ जाती हैं। इससे रक्तचाप बढ़ने की संभावना अधिक रहती है। यदि पहले से ही किसी व्यक्ति को हाई ब्लड प्रेशर या हृदय संबंधी बीमारी है तो सर्दियों में जोखिम और बढ़ जाता है। कई मामलों में अनियंत्रित रक्तचाप हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याओं का कारण बन सकता है।
उन्होंने बताया कि सर्दियों में खानपान और दिनचर्या में बदलाव भी रक्तचाप बढ़ने का प्रमुख कारण है। लोग ठंड में शारीरिक गतिविधि कम कर देते हैं, तला-भुना और अधिक नमक वाला भोजन ज्यादा लेते हैं। इससे रक्तचाप नियंत्रित रखना मुश्किल हो जाता है। वहीं मधुमेह और मोटापे से ग्रस्त मरीजों में यह खतरा और अधिक रहता है।
उन्होंने सलाह दी है कि उच्च रक्तचाप के मरीज नियमित रूप से दवाएं लेते रहें। समय-समय पर बीपी की जांच कराते रहें और सुबह-शाम हल्की सैर या व्यायाम अवश्य करें। ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनना, अत्यधिक नमक और तैलीय भोजन से परहेज करना तथा तनाव कम रखना भी जरूरी है। किसी भी प्रकार की घबराहट, सीने में दर्द, तेज सिरदर्द या चक्कर आने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई है।