मथुरा। भूतेश्वर क्षेत्र में बंदर पकड़ने पहुंची नगर निगम की टीम को विरोध झेलना पड़ा। स्थानीय लोगों ने विरोध करके पिंजरे में बंद 22 बंदरों को जबरन छुड़वा दिया। हालांकि निगम की टीम इन लोगों के खिलाफ विधि कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।
शहरी क्षेत्र में उत्पात मचाने वाले बंदरों को नगर निगम की टीम बीते एक सप्ताह से पकड़कर बाहरी क्षेत्र में स्थित जंगलों में छोड़ रही है। अब तक सैकड़ों बंदरों को छोड़ा जा चुका है। रविवार को नगर निगम की टीम ने बंदर पकड़ने के लिए कंकाली मंदिर के निकट एक बाड़े की छत पर पिंजरा लगाया था। टीम ने कुछ ही देर में 22 बंदरों को पकड़ लिया। इसी बीच कुछ युवक हंगामा करते हुए वहां पहुंचे। उन्होंने बंदर पकड़ रही निगम की टीम के साथ अभद्रता की। फिर पिंजरा खोलकर बंदरों को आजाद कर दिया। युवकों का आरोप है कि टीम बंदरों को निर्जन स्थान पर छोड़ देगी, लेकिन टीम ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। इसके बाद भी वह नहीं मानें। अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह का कहना है कि बंदरों को जनहित में पकड़ कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जा रहा है। अगर युवकों ने टीम के साथ अभ्रदता की है तो विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।