मथुरा। सर्दियों का मौसम में पुलिस प्रशासन ने मंडी के साथ-साथ किसानों की सुरक्षा पुख्ता करने करने के लिए कवायद की है। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का फायदा उठाकर अपराधी अक्सर किसानों को निशाना बनाते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। इसके लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। मंडी से जुड़े सभी संपर्क मार्गों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
आलू का सीजन शुरू होते ही मंडियों में रौनक बढ़ रही है। किसान अपनी फसल बेचने के लिए अलसुबह या देर रात मंडियों का रुख करते हैं। फसल बेचकर नकदी के साथ वापस लौटते हैं। सर्दियों के मौसम में शाम ढलते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है और कोहरे के कारण दृश्यता कम हो जाती है। ऐसे में राहगीरों के साथ-साथ किसानों के लिए भी सुरक्षा का खतरा बना रहता है। अपराधी कोहरे का फायदा उठाकर लूट और छिनैती जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं। इसलिए एसएसपी श्लोक कुमार ने मंडी के साथ-साथ उससे जुड़े सभी मार्गों पर चप्पे-चप्पे की निगरानी के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए हैं। थाने की टीम के साथ-साथ क्विक रिस्पांस टीमें मार्गों की निगरानी करेंगी। इसके अलावा मंडी और मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि सुरक्षा-व्यवस्था पुख्ता हो सके।
बेवजह मंडी में घूमने वाले संदिग्ध वाहनों की होगी चेकिंग
एसएसपी ने कहा कि पुलिसकर्मी उन रास्तों पर लगातार गश्त करेंगे, जो गांवों के मार्ग हैं और सीधे मंडी से जुड़ते हैं। यदि कोई किसान अधिक नकदी लेकर लौट रहा है तो उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिसकर्मियों की होगी। मंडी के आसपास बेवजह घूमने वाले संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग की जाएगी। साथ ही पुलिसकर्मी शाम 6 बजे से लेकर सुबह तक सबसे अधिक सक्रिय रहेंगे।