मथुरा। सदर बाजार स्थित नगर निगम की कब्जा मुक्त कराई 3 हजार वर्गमीटर जमीन पर फिर से कब्जे होने लगे हैं। पशुपालकों ने नगर निगम की तार फेंसिंग को काट दिया है। यहां पशुओं को चराने के बहाने फिर से कब्जा करने लगे हैं। पार्षद ने यहां पार्क बनवाने को कहा है।
सदर बाजार क्षेत्र के अशोक विहार में अगस्त माह में नगर आयुक्त शशांक चौधरी के निर्देश पर सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी ने यमुना किनारे स्थित तीन हजार वर्गमीटर जमीन को कब्जा मुक्त कराया था। वार्ड नंबर 63 के पार्षद संजय अग्रवाल के माध्यम से लोगों ने महापौर विनोद अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। इसमें जमीन पर सार्वजनिक पार्क बनाए जाने की मांग की गई। पार्षद की पहल पर यहां पार्क का प्रस्ताव तैयार कराया गया। जमीन के पार्क वाले हिस्से की तार फेंसिंग कराई गई। फाइल ठंडे बस्ते में जाते ही कब्जाधारी फिर से सक्रिय हो गए। भूमाफिया और पशुपालकों ने तार फेंसिंग को काटकर पशुओं के निकलने की जगह बना दी है। इसी जमीन पर गाय-भैंसों को चरा कर कब्जा करने लगे हैं। सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद