वृंदावन। जिला संयुक्त चिकित्सालय में कायाकल्प योजना के तहत तीन सदस्यीय टीम एक्सटर्नल एसेसमेंट करने पहुंची। सहारनपुर एवं बदायूं से आई टीम ने अस्पताल का बारीकी से निरीक्षण किया। विशेषज्ञों ने मरीज के अस्पताल से आने से लेकर छुट्टी मिलने तक को जांचा। साथ ही अस्पताल के अभिलेखों के रखरखाव एवं स्वच्छता को भी देखा। यह टीम अपनी निरीक्षण रिपोर्ट शासन को सौंपेगी।
शुक्रवार सुबह कायाकल्प योजना के तहत सहारनपुर से आए डॉ. उत्कर्ष, स्वास्थ्य परामर्शदाता मोहम्मद इलियास एवं उनके साथी सदस्य ने जिला संयुक्त चिकित्सालय का सर्वे किया। टीम ने ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर, लैब, इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। अभिलेखों का रखरखाव एवं सफाई व्यवस्था, बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण भी जांचा। टीम ने मरीजों को अस्पताल की कैंटीन से मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता को भी परखा। प्रभारी सीएमएस विनीत कुमार से अस्पताल की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।
प्रभारी सीएमएस विनीत कुमार यादव ने बताया कि कायाकल्प योजना के तहत तीन विशेषज्ञों की टीम ने एसेसमेंट किया। यह टीम अपनी जांच रिपोर्ट प्रदेश सरकार को देगी। इससे पहले अस्पताल चार बार कायाकल्प योजना पाने में खरा साबित हुआ है।