गोवर्धन (मथुरा)। गांव बसौती निवासी एक युवक सड़क हादसे में घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि इलाज के दौरान डॉक्टरों को उसका पैर घुटने के ऊपर से काटना पड़ा। चालक टेंपो छोड़कर भाग गया।
मुकेश कुमार 28 अगस्त की रात करीब 9:15 बजे बाइक से राधाकुंड से गांव लौट रहा था। गांव में नहर के पुल पर पहुंचा तभी छटीकरा की ओर से आ रहे टेंपो ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो का पहिया मुकेश के हाथ और पैर पर चढ़ गया, जिससे उसका दाहिना पैर कई जगह से टूट गया। राहगीरों की मदद से घायल को तत्काल मथुरा स्थित अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उसे मेट्रो अस्पताल फरीदाबाद रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों को जान बचाने के लिए उसका दाहिना पैर घुटने के ऊपर से काटना पड़ा।
पीड़ित के भाई जगदीश प्रसाद ने बताया कि इलाज में व्यस्त रहने के कारण रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी हुई। घटना की तहरीर थाना गोवर्धन में दी गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।