वृंदावन। किसान, गरीब, मजदूर समिति के प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में ई-रिक्शा चालकों ने नगर निगम के वृंदावन जोनल कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। निगम के विरोध में नारेबाजी कर रजिस्ट्रेशन के नाम पर तीन हजार रुपये लेने और सुविधा देने की योजना स्पष्ट न करने का विरोध किया। चालकों ने कहा कि जब सरकार रजिस्ट्रेशन कर रही है तो फिर दोबारा शुल्क क्यों, ईरिक्शा चालकों को निशुल्क रूट दिए जाएं।
शुक्रवार को दर्जनों ई-रिक्शा चालक प्रदेश अध्यक्ष ताराचंद गोस्वामी की अगुवाई में निगम कार्यालय पहुंचे। गोस्वामी का कहना था कि नगर निगम द्वारा शिविर लगाकर ईरिक्शा का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। इसमें चालकों से साल के तीन हजार रुपये लिए जा रहे हैं। ईरिक्शा के रूट और सुविधा के बारे में भी स्पष्ट नहीं किया गया है। पहले भी दो बार ई रिक्शा चालकों के रजिस्ट्रेशन शुल्क वसूला गया लेकिन किसी तरह की सुविधा मुहैया नहीं कराई गई।
वर्तमान में कुल 25 हजार ईरिक्शा का रजिस्ट्रेशन एआरटीओ कार्यालय में है, जबकि एक लाख से अधिक ईरिक्शा चल रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में सुनील कुमार, हरिओम, इकराम, रिजवान, विजय सिंह, गौरी निषाद, विजय निषाद, राजा बाबू, रोहित, अल्फाज आदि शामिल रहे।