जतीपुरा का उच्च प्राथमिक विद्यालय में लगा ताला दिखाता ग्रामीण।
मथुरा। सरकार द्वारा शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए तमाम प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है। गोवर्धन क्षेत्र के जतीपुरा में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय का बुधवार सुबह 9 बजे तक गेट नहीं खुला तो गांव के लोगों ने अधिकारियों को फोन कर सूचना दी।
स्कूल के बाहर ताला लटका हुआ था, जबकि छात्र-छात्राएं स्कूल के गेट के बाहर खड़े होकर इंतजार कर रहे थे। गांव जतीपुरा निवासी भंवर सिंह ने बताया कि विद्यालय खुलने का समय सुबह 8 बजे है, लेकिन बुधवार को सुबह 9 तक भी यहां कोई नहीं आया। युवक ने पूरे विद्यालय का वीडियो बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजा और स्कूल स्टाफ की लापरवाही को उजागर किया।
युवक ने वीडियो में कहा कि सुबह के 9 बज चुके हैं, लेकिन न तो कोई शिक्षक स्कूल पहुंचा है और न ही स्कूल का ताला खोला गया है। स्कूल के बाहर बच्चे खड़े हुए हैं। खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। विद्यालय का ताला क्यों नहीं खुला, इसके बारे में जवाब मांग कर कार्रवाई की जाएगी।