गोवर्धन। राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में मरम्मत कार्य के दौरान छजली गिरने से मजदूर पंकज की मौत के बाद शनिवार को मामला गरमा गया। मृतक के परिजन शव लेकर कॉलेज के मुख्य द्वार पर पहुंच गए और शव रखकर प्रदर्शन शुरू किया। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिजन और ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने तथा हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
राजस्थान के तालफरा गांव निवासी पंकज मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। शुक्रवार को जतीपुरा मार्ग स्थित राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में मरम्मत कार्य के दौरान मुख्य गेट की छजली अचानक गिर गई। हादसे में पंकज और एक अन्य मजदूर मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए थे। पंकज को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया, जहां अस्पताल पहुंचने पर उसकी मौत हो गई। पंकज की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। शनिवार को परिजन कॉलेज पहुंचे और मुख्य द्वार पर शव रखकर मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप था कि मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके चलते मजदूर की जान चली गई। उन्होंने जिम्मेदार ठेकेदार और अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोवर्धन, बरसाना, मगोर्रा और छाता थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसडीएम गोवर्धन सुशील कुमार, सीओ अनिल कुमार व गोवर्धन थाना प्रभारी विनय कुमार मिश्र ने मौके पर पहुंचकर परिजन और ग्रामीणों से बातचीत की। ब्लॉक प्रमुख विपिन सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि मनीष लंबरदार भी मौके पर मौजूद रहे। बड़ी मशक्कत के बाद प्रशासन और परिजन के बीच सहमति बनी। इसमें मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिलाने तथा हादसे के आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण शांत हुए और शव लेकर चले गए। राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में मरम्मत कार्य ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से कराया जा रहा है।
पंकज परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी मौत के बाद पत्नी और दो छोटे बच्चों के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है। पंकज अपने पीछे पत्नी, छह वर्षीय बेटा और तीन वर्षीय बेटी को छोड़ गया है।