मथुरा। महावन थाना क्षेत्र के गांव मनोहरपुर में बुधवार रात एक परिवार छत पर सोता रहा। चोर घर के भीतर घुसकर लाखों रुपये के गहने-नकदी पार कर ले गए। बृहस्पतिवार सुबह जगार होने पर परिजनों को जानकारी हुई। मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
महावन थाना क्षेत्र के मनोहरपुर गांव में भागीरथ परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार रात को गर्मी अधिक होने के कारण कूलर-पंखे काम नहीं कर रहे थे। वह परिवार सहित छत पर सोने चले गए। सुबह आंख खुलने पर नीचे लौटे तो घर का मुख्यद्वार खुला पड़ा था। कमरे में सामान बिखरा था। अलमारी से 72 हजार रुपये की नकदी, सोना और चांदी के जेवर गायब थे। मामले में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना किया। इंस्पेक्टर आशा चौधरी के अनुसार तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। चोरों की तलाश की जा रही है।