चौमुहां। थाना जैंत क्षेत्र के गांव चौमुहां निवासी एक महिला ने अपनी सास, देवर, ननद और देवरानी पर पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर जानलेवा हमला करने और गंभीर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने इस मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना जैंत के गांव चौमुंहा निवासी पिंकी पत्नी प्रवीण उर्फ सोनू ने बताया कि वह मंगलवार शाम 4 बजे गोकुल धाम स्थित अपने घर पर काम कर रही थीं। उसी दौरान उनकी सास रेनू, देवर नवल, ननद हिरदेश और देवरानी संगम बंटवारे की पुरानी रंजिश पर उनके घर में घुस आईं।
शिकायत के अनुसार, इन चारों ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की की और मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि देवर नवल के हाथ में चाकू था, जिससे उसने जानलेवा हमला किया। पिंकी ने किसी तरह अपने हाथ से वार को रोका, जिससे चाकू का वार उनके हाथ पर लगा। हिरदेश और बाकी लोगों ने उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूसों से बेरहमी से पीटा। उनके चीखने-चिल्लाने पर पास ही काम कर रहे कुछ मजदूर उनकी मदद के लिए आए। मजदूरों को देखकर हमलावर वहां से भाग निकले। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद