कैला मैया के दरबार में बैठे अग्रवाल क्लब परिवार के सदस्य।
मथुरा। अग्रवाल क्लब परिवार ने करौली स्थित मां कैला देवी मंदिर में दो दिवसीय मां कैला भक्तिनाद कार्यक्रम धूमधाम से मनाया।
पहले दिन शाम को सभी सदस्य बैंड की सरगम पर नाचते-गाते हुए मां भगवती के दरबार पहुंचे और मां को पोशाक और छप्पन भोग अर्पित किया। इसके बाद मां कैला भवन आश्रम में भजन संध्या का आयोजन हुआ। कानपुर से आईं सुप्रसिद्ध भजन गायिका रुचि किंकर ने अपने सुरों से ऐसा भक्तिमय वातावरण बनाया कि श्रोताओं की आंखें नम हो गईं। दूसरे दिन सुबह 4 बजे मंगला आरती से दिन का शुभारंभ हुआ। प्रातः 9 बजे 15 मीटर की ध्वजा शोभायात्रा के रूप में बैंड-बाजों के साथ मां के दरबार पहुंचे। मां कैला मैया के भव्य फूल बंगले और छप्पन भोग के दर्शन हजारों श्रद्धालुओं ने रात 8 बजे तक किए।
इस दौरान 101 कन्याओं का पूजन, रात्रि में मां का भव्य दरबार, सातों नदियों के पावन जल से भक्त शिरोमणि बब्बू भैया जी ने दरबार को पवित्र किया और मां की ज्योति प्रज्वलित कर जागरण का शुभारंभ किया। जागरण में टी-सीरीज़ के कलाकार ब्रजराज सिंह लक्खा और भजन गायिका शेफाली द्विवेदी ने भजन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग, आगरा इंद्रपुरी दरबार से शंभू अग्रवाल, मोहनलाल शर्मा, विजय बंसल, क्लब के संस्थापक अजय कांत गर्ग, अध्यक्ष दीपक अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।