चौमुहां (मथुरा)। रोडवेज के एक परिचालक को किराया लेकर जैंत का टिकट नहीं बनाना भारी पड़ गया। डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने परिचालक पर 300 रुपये का जुर्माना लगाया है।
जैंत में स्थित जय कुंड और कालिया मर्दन नाग मंदिर पर दर्शनों के लिए तीर्थ यात्रियों का आवागमन प्रतिदिन बना रहता है और जैंत के आसपास के दर्जनों गांव रोडवेज की सेवा से जुड़े हुए हैं। यहां से श्रद्धालु और गांव के लोग दिल्ली, पलवल, फरीदाबाद आदि स्थानों के लिए रोडवेज बस से जाते हैं, लेकिन मथुरा डिपो के चालक-परिचालक जैंत के जय कुंड चौक से सवारी नहीं बैठाते और न ही जैंत का टिकट बनाते हैं।
9 अप्रैल को सुबह 10:20 बजे यात्री चंद्रप्रकाश ब्रजवासी अपनी पत्नी के साथ मथुरा के जयसिंहपुरा मसानी से वापस लौटते समय आईएसबीटी बस स्टैंड के पास खड़ी मथुरा डिपो की बस में बैठ गए। परिचालक से जैंत का टिकट मांगा तो परिचालक ने दो सवारी के 40 रुपये लेकर टिकट देने से इन्कार कर दिया। यात्री ने जनसुनवाई पोर्टल और रोडवेज के टोल फ्री नंबर पर शिकायत कर दी।
एआरएम मदन मोहन शर्मा ने परिचालक पर दंड स्वरूप 300 रुपये वेतन में से वसूली करने के निर्देश दिए और दुबारा ऐसी गलती करने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एआरएम ने चालक-परिचालकों को निर्देश दिए हैं कि जैंत के जय कुंड चौक पर बस रोककर यात्रियों को बैठाएं।