बरसाना। माता जी गोशाला में चल रहे श्री गिरधरगोपाल जू के ब्याहुला उत्सव के तीसरे दिन उस समय असहज स्थिति बन गई, जब नंदगांव बरसाना के समाजी बधाई गायन के लिए पांडाल में आमंत्रित किए गए, लेकिन वहां पहुंचने पर उनका स्वागत और आवभगत करने वाला कोई नजर नहीं आया। नंदगांव बरसाना से 50-50 समाजी पंडाल में पहुंचे और काफी देर बैठने के बाद अव्यवस्था देख नाराज हो गए।
स्थिति तब बिगड़ी जब कुछ समाजियों ने पंडाल के माइक पर ही आयोजकों को अव्यवस्था पर खरी खरी सुना दीं। अचानक हुए इस विरोध से आयोजन समिति में हडकंप मच गया और आनन फानन आयोजक मौके पर पहुंचे। नाराज समाजियों को मनाने का प्रयास शुरू हुआ। काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा, जिससे पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भी असहज नजर आए। बाद में मामला शांत हुआ और फिर बधाई गायन का कार्यक्रम संपन्न कराया गया।