श्री कृष्ण जन्मस्थान में सजाए गए छप्पन भोग।
मथुरा। कार्तिक कृष्ण प्रतिपदा के अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर परंपरागत अन्नकूट-छप्पनभोग महोत्सव बुधवार को धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही जन्मस्थान परिसर भक्ति और उल्लास के रंग में डूबा रहा। भागवत भवन में स्थित श्री राधाकृष्ण एवं श्री केशवदेव मंदिर के प्रांगण में भगवान श्रीगिरिराजजी को छप्पन भोग अर्पित किया गया।
विद्युत सजावट और पुष्प बंगले से सजा मंदिर परिसर भक्तों को द्वापर युगीन भक्ति की अनुभूति करा रहा था। पूजाचार्यों ने श्रीगिरिराजजी का पंचगव्य से अभिषेक किया। संकीर्तन मंडल के भक्तों ने भजन-कीर्तन के साथ माहौल को भक्तिमय बना दिया। दर्शन और प्रसाद वितरण के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा समिति के पदाधिकारी और कर्मचारी आयोजन को सफल बनाने में जुटे रहे। पूरा परिसर जय श्रीगिरिराज जी के जयकारों से गूंज उठा। संवाद