मथुरा। सहायक अध्यापक प्रारंभिक परीक्षा 17 जनवरी को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां कर ली हैं। जिले में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यहां सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सेक्टर मजिस्ट्रेट और उड़नदस्तों की भी व्यवस्था की गई है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। देर से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जिलाधिकारी सीपी सिंह ने केंद्र संचालक, केंद्राध्यक्ष और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता से समझौता नहीं किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैठने की उचित व्यवस्था और स्वच्छ पेयजल की सुविधा सुनिश्चित की जाए। परीक्षा केंद्रों पर समय से प्रश्न पत्र पहुंचाने और सुरक्षित वितरण के भी निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा के दिन सभी केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू रहेगी और अनावश्यक भीड़ जुटने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षार्थियों की तलाशी के बाद ही केंद्र मे प्रवेश दिया जाएगा। डीएम ने साफ किया है कि मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या किसी भी तरह की अनुचित गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें और प्रवेश पत्र के साथ वैध पहचान पत्र अवश्य लेकर आएं।