मथुरा। श्रमिक और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के सामने अब पढ़ाई में महंगाई की परेशानी नहीं आएगी। प्रदेश सरकार ने सभी मंडल मुख्यालयों पर अटल आवासीय विद्यालय स्थापित किए हैं। इन विद्यालयों में नए सत्र के लिए पहली बार आवेदन किए जाएंगे।
आगरा मंडल का अटल आवासीय विद्यालय किरावली के कोरई में तैयार किया गया है। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रवेश परीक्षा 22 फरवरी 2026 को आयोजित होगी। सहायक श्रमायुक्त एमएल पाल ने बताया की यह विद्यालय सीबीएसई पैटर्न पर आधारित आवासीय शिक्षण संस्थान है, जिसमें बालक और बालिकाओं के लिए अलग-अलग छात्रावासों की व्यवस्था है। विद्यालय में निशुल्क शिक्षा के साथ यूनिफार्म, पुस्तकें, भोजन और आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
विद्यालय में कक्षा 6 में कुल 160 सीटों और कक्षा 9 में 60 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा, जिसमें पूर्व अध्ययनरत छात्र-छात्राएं भी शामिल हैं। प्रवेश के लिए आवेदन पत्र आगरा मंडल के सभी जनपदों के श्रम कार्यालयों और जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय से निशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। संबंधित जनपद की एनआईसी वेबसाइट से भी आवेदन पत्र डाउनलोड किए जा सकते हैं। आवेदन 31 जनवरी को शाम 5 बजे तक प्राप्त और जमा किए जाएंगे।
ये हैं नियम
ऐसे अभ्यर्थी जिनके माता-पिता विधिवत पंजीकृत निर्माण श्रमिक हों और 30 नवंबर 2025 तक कम से कम तीन वर्ष की बोर्ड सदस्यता पूर्ण कर चुके हों। प्रति परिवार अधिकतम दो बच्चे पात्र होंगे। कोविड काल में अनाथ हुए बच्चे, जिनका पंजीकरण महिला एवं बाल विकास विभाग में हो या फिर जो मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत पात्र हों।