वृंदावन। सप्त देवालयों में से एक ठाकुर श्री राधा दामोदर मंदिर में ठाकुर राधा दामोदर लाल का 483वां प्राकट्योत्सव शुक्रवार को धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इस मौके पर मंदिर में अनेक धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।
मंदिर के सेवायत आचार्य कृष्ण बलराम गोस्वामी महाराज ने बताया कि यह उत्सव मां गोसाई आचार्या तरुलता गोस्वामी महाराज के सानिध्य में भव्यता के साथ संपन्न होगा। प्रातःकालीन बेला में डॉ. अच्युतलाल भट्ट महाराज द्वारा मंगल घट स्थापना की जाएगी और श्रीजीव गोस्वामी महाराज की परंपरा के अनुसार दाम बंधन लीला का रसास्वादन कराया जाएगा।
इसके बाद ठाकुर राधा दामोदर लाल का महा दुग्ध अभिषेक होगा। फूल बंगला की अद्भुत छटा और 56 भोग के दर्शन भक्तों के लिए विशेष आकर्षण होंगे। संध्याकालीन बेला में भजन संध्या होगी, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। संवाद