मथुरा। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक परीक्षा में कला विषय की परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों के चेहरे पर सुकून दिखा। केंद्र से बाहर आए परीक्षार्थियों ने बताया कि पेपर सरल से मध्यम स्तर का रहा। कोई भी सवाल पाठ्यक्रम से बाहर नहीं पूछा गया, जिससे रिवीजन करने वाले छात्रों का पेपर शानदार गया।
अभ्यर्थियों के अनुसार 125 सवाल पूछे गए। पेपर में राजा रवि वर्मा, प्रसिद्ध कलाकार नंदलाल घोष और मुगल शासक अकबर की पुस्तक से जुड़े प्रश्न शामिल थे। तैयारी वाले अभ्यर्थी समय से पहले ही पेपर हल कर चुके थे। प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक परीक्षा के दौरान बृहस्पतिवार को जिले में अभ्यर्थियों की उपस्थिति बेहद कम रही। जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में आधे से ज्यादा पंजीकृत परीक्षार्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया। कंट्रोल रूम से जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पहली पाली में महज 37.10 प्रतिशत और दूसरी पाली में सिर्फ 36.82 प्रतिशत अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे।
सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक आयोजित प्रथम पाली की परीक्षा के लिए कुल 5,628 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से केवल 2,088 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 3,540 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक की दूसरी पाली में कुल 2,865 अभ्यर्थियों में से महज 1,055 उपस्थित रहे और 1,810 अनुपस्थित पाए गए। परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर सघन चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया गया।