बिजली के तार से निकली चिंगारी से लगी आग में 10 बीघा गेहूं की फसल जली
- फोटो : संवाद
उत्तर प्रदेश के मथुरा में रविवार की दोपहर बिजली के तार से निकली चिंगारी से गेहूं के खेत में आग पकड़ ली। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक 10 बीघा फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने अधिकारियों पर ढीले तार न कसने और लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने मुआवजे की मांग की है।
घटना सुरीर कोतवाली क्षेत्र के नयावास गांव की है। दोपहर के समय हवा चलने से बिजली के तार आपस में टकरा गए। इससे निकली निकली चिंगारी खेत तक पहुंची तो फसल में आग पकड़ ली। पकी खड़ी गेहूं की फसल में देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। शोर सुनकर पहुंचे गांववालों ने आग बुझाने की कोशिश की।
इसके बाद एक किसान ने ट्रैक्टर से आगे की फसल जोत दी। दो खेतों में गैप हो जाने से आग पीछे ही रुक गई। हालांकि तब तक 10 बीघा फसल जल गई। इसमें पांच बीघा कपिल कुमार और पांच बीघा ओम प्रकाश की फसल शामिल है। इसके अलावा मुरारी गुप्ता की भुस की बुर्जी जल गई।
सूचना पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने बताया कि खेतों के ऊपर से बिजली की लाइन गुजरी है। हर वर्ष गर्मियों में इस तरह की आगजनी होती है। अधिकारी ढीले तारों के कसने की तरफ कोई ध्यान नहीं देते। कई बार शिकायत भी की गई है। उन्होंने आग से हुए नुकसान पर मुआवजे की मांग की है।