हाईस्पीड ट्रेन टेल्गो ने 180 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से वजन के साथ ट्रायल को सफलता पूर्वक पूरा कर लिया है। गुरुवार को दूसरे ट्रायल में टेल्गो की स्पीड 180 किमी प्रति घंटा रही। पहला ट्रायल 170 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से किया गया था। करीब 200 क्विंटल वजन के साथ ट्रेन ने मथुरा से पलवल की दूरी 39 मिनट में तय की।
देश की हाईस्पीड ट्रेन के स्पेनिश कोच टेल्गो का गुरुवार को पहला ट्रायल 170 किमी प्रति घंटा से हुआ। इसमें ट्रेन 10:18 बजे मथुरा रेलवे स्टेशन से रवाना हुई और 11.00 बजे पलवल रेलवे स्टेशन पहुंच गई। इस तरह मथुरा जंक्शन से पलवल रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में 42 मिनट का समय लगा।
दूसरा ट्रायल 180 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से किया गया। इसमें टेल्गो मथुरा जंक्शन स्टेशन से 12.55 बजे निकली और 01.34 बजे पलवल रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई। इस बार उसने पलवल रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में 39 मिनट का समय लिया। गुरुवार को भी टेल्गो को डीजल इंजन के साथ ही दौड़ाया गया था।
गौरतलब है कि मथुरा जंक्शन स्टेशन से पलवल रेलवे स्टेशन की दूरी 84 किमी है। ट्रायल के दौरान टेल्गो के कोच में करीब 200 क्विंटल वजन रखा हुआ था। इससे पहले टेल्गो ट्रेन का 180 किमी प्रति घंटा की स्पीड से ट्रायल हो चुका है। उस समय ट्रेन में कोई वजन नहीं था और ट्रेन ने पलवल रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में मात्र 38 मिनट का समय लिया था।