मथुरा। आगरा-एनसीआर में मरीजों में स्वाइन फ्लू के लक्षण मिलने के बाद जिले में स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। हालांकि अभी तक जिले में ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है लेकिन संक्रमण से बचाव के लिए चिकित्सकीय स्टाफ का वैक्सीनेशन कराया जाएगा। जरूरत पर उनके लिए पीपीई किट पहनने के इंतजाम किए जाएंगे।
स्वाइन फ्लू की आहट के चलते जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में बुखार के मरीजों की निगरानी शुरू कर दी गई है। मंगलवार को बुखार के 175 मरीज मिले। इनमें संदिग्ध मरीज मिलने पर उनकी जांच के लिए सैंपल भेजा जाएगा। वहीं स्वास्थ्य विभाग के पास फिलहाल 195 वैक्सीन उपलब्ध हैं। बुधवार को 107 वैक्सीन और आने की उम्मीद है, जबकि 100 अतिरिक्त वैक्सीन की मांग भी भेजी गई है।
उपचार के लिए अस्पतालों में आवश्यक दवाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोहताश तेवतिया ने बताया कि स्वाइन फ्लू से चिकित्सकीय स्टाफ की सुरक्षा के लिए उनका वैक्सीनेशन कराया जाएगा। वहीं जिले के सभी अस्पतालों में बुखार के मरीजों को ट्रैक कर उनका रूट मैप जांचा जाएगा।
जिले में स्वाइन फ्लू का अभी तक कोई मामला सामने नहीं आया है। पड़ोसी जिलों में मामले सामने आने के बाद यहां सतर्कता बढ़ा दी है। यहां पर इसकी जांच के इंतजाम नहीं है। यहां से सैंपल लेकर आगरा भेजे जाते हैं। - डॉ. राधाबल्लभ, सीएमओ