मथुरा। जमुनापार थाना क्षेत्र में एक ही स्कूल की दो छात्राएं आपस में भिड़ गईं। एक ने फोन करके अपने भाइयों को बुला लिया। फिर जमकर मारपीट होने लगी। घटना में एक छात्रा घायल हो गई है, उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जमुनापार थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर की रहने वाली एक छात्रा का स्कूल घर से थोड़ी दूरी पर है। बृहस्पतिवार दोपहर को स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह पैदल घर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसका विवाद उसकी साथी दूसरी छात्रा से हो गया। यमुना पुल पर धोबीघाट के पास दूसरी छात्रा ने अपने भाई व उसके साथियों को बुला लिया और पिटाई करने लगे।
वहीं मौजूद अन्य साथी छात्रा ने बीच बचाव करने का प्रयास किया, तो वह चोट लगने से घायल हो गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस में घायल छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ सदर संदीप ने बताया कि इस संबंध में कोई प्रार्थना पत्र नहीं मिला है। फिलहाल परिजन को बुलाकर बच्चों को समझने को कहा गया है। संवाद