छाता। बरसाना रोड स्थित रेलवे फ्लाईओवर पर शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में जमालपुर गांव के एक छात्र की मौत हो गई। परिजन ने बताया कि वह छात्र अपने छोटे भाई को परीक्षा केंद्र पर छोड़ कर अपनी इंटर की परीक्षा देने जा रहा था।
जमालपुर निवासी रमेश के दो बेटे अक्षय और कुनाल शुक्रवार सुबह घर से परीक्षा देने के लिए निकले थे। बड़ा बेटा अक्षय अपने छोटे भाई कुनाल को बाइक से हाईस्कूल का पेपर दिलाने गांव नरी के परीक्षा केंद्र गया था। भाई को केंद्र पर पहुंचाने के बाद अक्षय खुद इंटरमीडिएट की परीक्षा देने के लिए गांव खायरा स्थित परीक्षा केंद्र की ओर रवाना हुआ। जैसे ही अक्षय छाता के बरसाना रोड स्थित रेलवे फ्लाईओवर पर पहुंचा, वैसे ही पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। पिता रमेश का रो-रोकर बुरा हाल था। संवाद