वृंदावन। राधाष्टमी के पावन पर्व के अवसर पर वृंदावन में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने पूरी चौकसी बरतते हुए श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए हैं। साथ ही मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है, ताकि इस अवसर पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।
राधाष्टमी के दिन श्री राधावल्लभ मंदिर में विशेष उत्सव आयोजित किया जाएगा जिसमें श्रीजी का महाभिषेक किया जाएगा। इस आयोजन के लिए मंदिर प्रशासन ने भव्य तैयारियां की हैं। शनिवार को शयन आरती के उपरांत श्रीजी के दर्शन खुलेंगे और ढांढ़ी ढांढ़िन नृत्य होगा। वहीं रविवार को सुबह 5:30 बजे समाज गायन, सुबह 7 बजे को मंगला आरती के बाद बधाई गायन, सुबह 9 बजे शृंगार आरती, दोपहर 12:00 बजे सातिया धरे जाएंगे। शाम को मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकलेगी। वहीं बांकेबिहारी मंदिर से भी शाम को शोभायात्रा निकाली जाएगी।