वृंदावन। चैतन्य विहार क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। 100 फुटा पुल के पास बेकाबू मोटरसाइकिल सवार ने सड़क किनारे खड़े 3 वर्षीय बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे के दाहिने पैर का पंजा कट गया और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बच्चे के पिता ने मोटरसाइकिल सवार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शुक्रवार शाम चैतन्य विहार स्थित सौ फुटा पुल के नीचे रहने वाला रवि का 3 वर्षीय पुत्र केशव घर के पास सड़क किनारे खड़ा था। तभी प्रेम मंदिर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने लापरवाही से चलाते हुए बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबर्दस्त हुई कि केशव का दाहिने पैर का पंजा शरीर से अलग हो गया और वह मौके पर ही बेहोश हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से परिजन उसे जिला संयुक्त चिकित्सालय ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगरा रेफर कर दिया है। फिलहाल बच्चे की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बच्चे के पिता रवि ने मोटरसाइकिल सवार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।