मथुरा के थाना कोतवाली के अंतर्गत आगरा दिल्ली हाईवे पर गोवर्धन चौराहा के समीप अमरदीप हॉस्पिटल के सामने रफ्तार का कहर देखने को मिला। आगरा की ओर जा रही थार कार ने पीछे से ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा चालक और उसकी पत्नी के साथ एक सवारी हवा में उछल गई। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो की मौत हो गई। लोगों ने आरोपी कार चालक को दबोच लिया, उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
बताया गया है कि ई-रिक्शा अयूब और पत्नी रज्जू उर्फ रजिया के साथ सवारी को बैठाकर दिल्ली हाईवे पर जा रहे थे। अमरदीप हॉस्पिटल के सामने आगरा की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने पीछे से ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। बताया गया है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा सवार हवा में उछल गए। हादसे को देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने थार सवार को दबोच लिया। इस दौरान घायल ई-रिक्शा चालक, उसकी पत्नी और सवारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया।