कोसीकलां। केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर विभाग (सीजीएसटी) की टीम ने शनिवार को नगर में दो प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्रवाई की। इसके विरोध में नगर के ज्यादातर दुकानें बंद रहीं। दुकानदारों ने टीम पर कार्रवाई के नाम पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कैबिनेट मंत्री चौ. लक्ष्मीनारायण से हस्तक्षेप करने की मांग की।
शनिवार को सीजीएसटी आगरा की टीम लालाराम मार्ग में दो अलग-अलग व्यवसाइयों के यहां पहुंची। वहां काफी भीड़ एकत्रित हो गई। टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण अभिलेख कब्जे में ले लिए। इसके बाद प्रतिष्ठान में मौजूद स्टाक को दर्ज किया। इस दौरान व्यापारी से पूछताछ कर कई अहम जानकारियां एकत्रित करती रही। टीम की छापामार कार्रवाई की सूचना मिलते ही सराफा बाजार, पुरानी जीटी रोड पर दुकानें बंद हो गईं।
दुकानदारों का कहना था कि पिछले दो सप्ताह में टीम ने दुकानदारों पर छापे की कार्रवाई की, लेकिन क्या कार्रवाई की यह बताने से कतराती रही। उनका कहना था कि टीम कार्रवाई के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही है, जबकि सरकार ने सर्वे की कार्रवाई को बंद कर रखा है। अगर कार्रवाई नहीं रुकी तो दुकानदार बाजार बंद कर आंदोलन करेंगे।
दुकानदारों ने कैबिनेट मंत्री चौ. लक्ष्मीनारायण से हस्तक्षेप करने की मांग की। चौधरी ने दुकानदारों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीजीएसटी इंस्पेक्टर सोमेंद्र कुंतल ने बताया कि चुनाव में मतदाताओं को प्रलोभन देने के इरादे से कहीं बाजार में दुकानों पर स्टॉक तो नहीं बढ़ गया है, इसे जांचने के लिए कार्रवाई की गई। जांच में सब कुछ सामान्य मिला।