मथुरा। गोविंद नगर थाना क्षेत्र की महाविद्या कॉलोनी में एक परचून दुकानदार को पैसे मांगना भारी पड़ गया। उसके साथ युवकों ने पिटाई कर दी। साथ ही पथराव भी कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
श्याम सिंह द्वारा दर्ज कराए मुकदमे के अनुसार उनके भाई शिशुपाल गोविंद नगर की महाविद्या कॉलोनी में परचून की दुकान करते हैं। पड़ोस में ही जिम है। वहां कुछ लड़के आते हैं, जो दुकान से उधार सामान लेते हैं। रुपये मांगने पर दबंगई करते हैं। एक मई को उधार सामान देने से मना कर दिया। इसी पर उनकी पिटाई कर दी। दुकान में छिपा तो युवकों ने पथराव कर दिया। युवकों की पिटाई से दुकानदार शिशुपाल घायल हो गया।
श्याम सिंह ने बताया कि गोविंद नगर थाने में आदित्य, मनीष, भोलू, गगन, रवि सहित सात अज्ञातों के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर गोविंद नगर देवपाल सिंह पुंडीर ने बताया कि घटना को लेकर दो युवकों को गिरफ्तार कर शांतिभंग में कार्रवाई की गई है। अन्य को तलाशा जा रहा है।