मथुरा। जयसिंहपुरा क्षेत्र में ढाय गिरने से दबे मजदूर को निकालते लोग।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। मथुरा-वृंदावन रोड पर शुक्रवार को सीवर लाइन की खोदाई का काम करते समय ढाय गिरने से दो मजदूर दब गए। इनमें से एक मजदूर की मौत हो गई। दूसरा सकुशल बाहर निकाल गया। लापरवाही को लेकर मृतक मजदूर के परिजनों ने आक्रोश व्यक्त किया। सीवर का काम कर रही त्रिवेणी कंपनी के अधिकारियों द्वारा मजदूर के परिवार को आर्थिक मदद का आश्वासन दिया गया है।
मसानी पंपिंग स्टेशन से पीएमवी पॉलीटेक्निक कॉलेज के निकट स्थित एसटीपी प्लांट तक सीवर पाइप लाइन डाली जा रही है। इस पाइप लाइन को डालने की जिम्मेदारी त्रिवेणी कंपनी की है। मथुरा-वृंदावन रोड पर बिरला मंदिर के निकट मोहन नगर से गुजर रही पानी की पाइप लाइन लीक हो गई। इसे ठीक करने के लिए त्रिवेणी के ठेकेदार द्वारा कुछ स्थानीय मजदूरों को भी बुला लिया था।
इन्हीं मजदूरों में से दो मजदूर विपिन (22) पुत्र राकेश निवासी मोहन नगर तथा अवनीश पुत्र रामगोपाल कनकोर टीला दोपहर करीब ढाई बजे उक्त पानी की पाइप लाइन की लीकेज सही करने का काम कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से ढाय गिर गई, जिसमें विपिन और अवनीश दब गए। अवनीश तो तत्काल निकलकर बाहर आ गया
लेकिन विपिन उसी में दबा रह गया। जब तक उसे बाहर निकाला गया उसकी मौत हो चुकी थी। थानाध्यक्ष गोविंद नगर ने बताया कि मजदूर मिट्टी मेें फंस गया था इसके चलते बाहर नहीं आ सका। त्रिवेणी कंपनी के एजीएम कांट्रेक्ट कैलाश धवन ने बताया कि वह मृतक के परिजनों से बातचीत कर रहे हैं। उन्हें आर्थिक मदद देंगे।
लोग वीडियो बनाते रहे और मजदूर मर गया...
मजदूर विपिन मात्र दो मीटर गहरे गड्ढे में फंसा था और लोग सड़क पर खड़े होकर वीडियो से फेसबुक लाइव कर रहे थे। जब तक दूर मौजूद मजदूर आ पाते तब तक मजदूर मिट्टी मेें फंसा रहा और दम घुट गया। पुलिस के अनुसार जो युवक उसके साथ दबा था वह तो बचकर बाहर आ गया पर वह भी वीडियो बनाने में मशगूल था।
जानकारी रहे कि सीवर लाइन डालने के लिए करीब पांच से छह मीटर की गहराई तक खोदाई की जा रही है लेकिन मजदूर विपिन उस पाइप लाइन वाले गड्ढे में न होकर पानी की लीक पाइप लाइन को ठीक कर रहा था। वह भी उस समय जब सभी मजदूर लंच पर खाना खाने चले गए थे। लोगों ने शायद प्रयास किया होता तो मजदूर की जान बचाई जा सकती थी।