मथुरा। पिछले दिनों हॉटस्पॉट एरिया से एक व्यक्ति को कोरोना पॉजिटिव होने पर आइसोलेट किया गया था। बताया जाता है कि वह शहर में सट्टा किंग के नाम से चर्चित है। कोरोना की रिपोर्ट आने से पहले तक उससे मिलने शहर के कई रसूखदार लोगों से मिलता रहा।
चर्चा है कि जब उसे आइसोलेट किया गया और उसकी ट्रैवल हिस्ट्री और उसके संपर्क में आने वालों की सूची तैयार की गई तो पिछले कुछ ही दिन में अस्सी लोग उसके संपर्क में आए थे। चूंकि उनमें कई रसूखदार लोग भी थे इसलिए मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया और केवल सट्टा किंग के परिवार को ही क्वारंटीन किया गया था।
बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हॉटस्पॉट एरिया के मंडी रामदास और गली कानून गो के पांच लोगों को कोरोना के संदिग्ध लक्षण मिलने पर होम क्वारंटीन किया है। ये सभी लोग सट्टा किंग के संपर्क में आए थे। अभी तक पुलिस सट्टा किंग की पूरी चेन को नहीं पकड़ पा रही है।
दस दिन पूर्व मंडी रामदास क्षेत्र के भार्गव गली निवासी व्यापारी कोरोना पॉजिटिव निकला। इसके बाद उसके परिवार के लोगों को क्वारंटीन किया, जिसमें उनके दो और रिश्तेदार कोरोना पॉजिटिव निकले। व्यापारी सट्टा किंग के नाम से चर्चित है। कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने से पूर्व उसने अपने करीबियों को घर बुलाकर पार्टी दी थी।
बताया जाता है कि उस वक्त व्यापारी के संपर्क में लगभग 80 लोग आए थे। अब व्यापारी के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उसके संपर्क में आए लोगों में हड़कंप है। सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गली कानून गो से 4 और मंडी रामदास से 1 व्यक्ति में संदिग्ध लक्षण पाए जाने के बाद सैंपल लिए हैं।
यहां गौर करने वाली बात यह है कि स्वास्थ्य विभाग ने उन सभी को क्वारंटीन सेंटर न भेजकर होम क्वारंटीन किया है। इससे क्षेत्र में और भी लोगों में संक्रमण फैलने की आशंका है। लोगों का कहना है कि ये सभी लोग रसूखदार हैं, इसलिए उनके लिए सभी नियम बदल दिए गए हैं। डॉ. भूदेव ने बताया कि 8 लोगों में से 5 लोगों के सैंपल लेकर होम क्वारंटीन किया गया है।