प्लेटफार्म नंबर दो पर चेकिंग के दौरान आरपीएफ और जीआरपी को बड़ी सफलता मिली। यहां समता एक्सप्रेस से उतरे युवक के सूटकेस और एक पिट्ठू बैग से 12 लाख रुपये की चांदी और 4.85 लाख रुपये की नकदी मिली।
चांदी कारोबारी के कैरियर से जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम को 12 लाख रुपये की चांदी और 4.85 लाख रुपये की नकदी मिली है। युवक उड़ीसा से चांदी के आभूषण और नकदी लेकर आ रहा था। सेल टैक्स की टीम छानबीन में जुटी है।
विज्ञापन
बुधवार शाम आरपीएफ प्रभारी अवधेश गोस्वामी और जीआरपी प्रभारी निरीक्षक संजय खरवार प्लेटफार्म संख्या 2/3 पर चेकिंग कर रहे थे। प्लेटफार्म संख्या दो पर समता एक्सप्रेस आकर रुकी। ट्रेन से एक युवक बड़ा सूटकेस और एक पिट्ठू बैग लेकर उतरा।
चेकिंग कर रही टीम को युवक पर शक हुआ और उसका सूटकेस खुलवा कर देखा तो उसमें से चांदी के आभूषण और पिट्ठू बैग से 500 के नोटों की गड्डियां मिलीं। युवक ने अपना नाम रवि सैनी निवासी सदर बाजार बताया।
विज्ञापन
पूछताछ में रवि ने बताया कि बरामद चांदी के आभूषण गोविन्द नगर निवासी व्यापारी कृष्ण कुमार के हैं। वह उनके यहां नौकरी करता है। चांदी के आभूषण और नकदी वह रायपुर से लेकर आया है। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक ने इसकी जानकारी सेलटैक्स के अधिकारियों को दी।
सेल टैक्स के सहायक कमिश्नर राजेश मिश्रा अपनी टीम के साथ आरपीएफ थाने पहुंच गए। चांदी कारोबारी कृष्ण कुमार भी थाने पहुंच गए। बरामद चांदी का वजन 18 किलो से अधिक और नकदी 4.85 लाख को सेल टैक्स की टीम ने कब्जे में कर जीआरपी को सुपुर्द कर दिया।