मांट/राया (मथुरा)। गाजियाबाद से मथुरा के लिए बुक कराकर लाई गई ओला कार को यमुना एक्सप्रेसवे पर लूट लिया गया। बदमाश चालक को एक्सप्रेसवे के पिपरौली (माइल स्टोन-103) के पास फेंक गए। बुधवार की देर रात को हुई वारदात से पुलिस में हड़कंप मच गया। वहीं, लूट की दूसरी वारदात राया-सादाबाद मार्ग पर हुई।
यहां बाइक सवार तीन लुटेरों ने प्रेमलता इंटर कॉलेज के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के मुंह पर नशीला रुमाल डालकर 40 हजार रुपये लूट लिए। कर्मचारी सिंडिकेट बैंक में रुपये जमा करने जा रहा था।
बुलंदशहर के गांव धपेड़ा निवासी अखिलेश कुमार पुत्र ज्ञान विकास शर्मा ओला कंपनी की कार पर ड्राइवर है। बुधवार की शाम को दो युवकों ने गाजियाबाद के विजय नगर से मथुरा के लिए एक कार बुक कराई थी। जब कार नोएडा से पार हुई, तभी कार सवार दो युवकों में से एक ने ड्राइवर से कार चलाने की इच्छा जताई।
ड्राइवर तैयार हो गया तो युवक ने स्टीयरिंग संभाल लिया। इसी दौरान जाबरा टोल को पार करते ही दोनों युवकों ने ड्राइवर के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे गांव पिपरौली के पास फेंक दिया और कार को लूटकर भाग खड़े हुए। सूचना पर पहुंची मांट पुलिस ने
पूरी जानकारी जुटाई।
उधर, थाना राया के प्रेमलता इंटर कॉलेज में गांव बिसावली निवासी प्रह्लाद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। गुरुवार की दोपहर 12:30 बजे 40 हजार रुपये लेकर कर्मचारी सिंडिकेट बैंक के लिए चला। सादाबाद रोड पर पहुंचे कर्मचारी के मुंह पर रुमाल डालकर बाइक सवार तीन लुटेरे 40 हजार रुपये लूट ले गए। सूचना पर पहुंची राया पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाई। प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।