मथुरा। हर तरफ राधे रानी की धूम। बरसाना का हर घर और आंगन श्री जी के स्वागत के लिए सजा हुआ था। श्री जी के भजनों पर भक्त झूम रहे थे। बड़ी दूर-दूर से पहुंचे थे लोग। बरसाना को जाने वाले रास्तों पर देर रात तक भीड़ रही। कई किलोमीटर पहले वाहन रोक दिए गए थे लेकिन भक्त पैदल सफर करके राधा जी के धाम पहुंच रहे थे।
राधाष्टमी की तैयारियां यूं तो श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बाद से ही शुरू हो गईं थीं लेकिन पिछले तीन दिनों से बरसाना तो बिजली की रंग बिरंगी झालरों से जगमगा रहा था। हर घर में हो रहीं थीं तैयारियां। गुरुवार की सुबह से तो भक्तों का सैलाब सा उमड़ने लगा था। जहां देखो वहीं भक्तों की भीड़। तमाम भक्त अपने लड्डू गोपाल को भी लेकर पहुंचे थे।
दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश, बिहार से बड़ी संख्या में लोग आए। दिल्ली निवासी कैलाश कुमार परिवार के साथ पहुंचे थे। वह दो दिन से ब्रज में डेरा जमाए हैं। उनका कहना है कि पिछले तीन साल से राधाष्टमी पर वह बरसाना आ रहे हैं। नोएडा निवासी संतोष भी अपने लड्डू गोपाल को लेकर आईं थीं।
वह भी जन्मोत्सव में शामिल होंगी। जयपुर से मिथलेश, गौरी, आशा, रौनक भी पहुंचे थे। हर कोई भक्ती में रंगा था। यह सभी पिछले कई साल से राधाष्टमी में शामिल होने के लिए आ रहे हैं। इनका कहना था कि राधारानी के धाम में आकर जो शांति मिलती है वह कहीं नहीं है।
जिक्र केवल इन्हीं लोगों का नहीं बल्कि गुरुवार को तो हर तरफ राधे रानी की धूम रही। ब्रज के सभी मंदिरों को सजाया गया था। वृंदावन में भी राधाष्टमी की धूम रही। प्रशासन ने भी चौकस इंतजाम कर रखे थे। चप्पे चप्पे पर पुलिस बल को तैनात किया गया था।