मथुरा। रोडवेज प्रशासन ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर दो महिला परिचालकों की संविदा सेवा समाप्त कर दी हैं। विभागीय जांच में पाया गया कि दोनों कर्मचारियों ने ज्वाइनिंग के बाद निर्धारित अवधि में बेहद कम कार्य दिवस पूरे किए थे। इस वजह से विभाग ने उनकी सेवाएं समाप्त कर दी हैं।
रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि पूनम देवी ने 14 जून को नौकरी ज्वाइन की थी, लेकिन छह महीने में उन्होंने मात्र 12 दिन ही ड्यूटी की। वहीं नारायणी देवी ने 9 जून को ज्वाइन किया, लेकिन सितंबर माह में उन्होंने सिर्फ एक दिन कार्य किया। लगातार अनुपस्थिति और कार्य के प्रति उदासीनता को देखते हुए रोडवेज ने दोनों की सेवाएं समाप्त करने का निर्णय लिया। एआरएम मदन मोहन शर्मा ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और बस संचालन सुचारु रखने के लिए नियमित उपस्थिति अनिवार्य है। लगातार अनुपस्थित रहने और कार्य में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही अन्य को भी हिदायत दी गई है कि कार्य के प्रति लापरवाही न बरती जाए। ऐसी स्थिति में किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा।